12वीं पास छात्रों को लैपटॉप बांटने की तारीख थोड़ी पहले खिसक गई है।
सरकार
के एक साल पूरा होने से चार दिन पहले 11 मार्च को राजधानी के कॉल्विन
ताल्लुकेदार कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस योजना की शुरुआत
करेंगे।
सोमवार को मुख्य सचिव जावेद उस्मानी केनिर्देश पर लखनऊ
मंडलायुक्त संजीव दूबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना की शुरुआत की
तारीख और स्थान को लेकर फैसला किया गया।
कन्या विद्याधन योजना के
तहत चेक बांटने की शुरुआत भी इसी कॉलेज के मैदान से की गई थी। दो रोज पहले
सरकार की ओर से 15 मार्च को लैपटॉप बांटने की संभावित तिथि घोषित की गई थी।
सोमवार
को मंडलायुक्त ने कार्यक्रम की तैयारी को लेकर 27 फरवरी को माध्यमिक
शिक्षा सचिव, लखनऊ मंडल के सभी जिलाधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षकों
यूपीएलसी और एचपी के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।
माध्यमिक
शिक्षा सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि लैपटॉप बांटने को लेकर
अंतिम निर्णय लेने के लिए 28 फरवरी को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक
होगी। इसमें तैयारी को लेकर अंतिम निर्णय किया जाएगा।
इस बीच एचपी
ने योजना के आगाज के लिए 10 हजार लैपटॉप की आपूर्ति कर दी है। हालांकि लखनऊ
में अभी तक लैपटॉप बांटने को लेकर विद्यार्थियों की यह संख्या निर्धारित
नहीं है कि किस कॉलेज के कितने विद्यार्थियों को योजना की शुरुआत पर बुलाया
जाएगा।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
समारोह की तैयारी को लेकर
सोमवार को मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समय से पूर्व समारोह की तैयारियां
पूरा कर लेने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए
संबंधित अधिकारियों को जो जिम्मेदारी दी जाए उसका निर्वहन गंभीरता से करें।
मंडलायुक्त ने कहा कि लैपटॉप वितरण योजना के लिए लाभार्थियों का चिह्निकरण
तथा उनके नामों की फीडिंग सावधानी पूर्वक की जाए।
उन्होंने छात्र
छात्राओं के लाने और ले जाने, लैपटॉप वितरण व्यवस्था, लैपटॉप भंडारण,
लाभान्वित होने वाले विद्यार्थियों के परिचय पत्र, सीटिंग प्लान आदि की
व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है।