बभनी में ईवीएम मशीन से मतदाताओं को प्रशिक्षण देते प्रशिक्षक व क्षेत्रीय लेखपाल।
- फोटो : SONBHADRA
विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए युवाओं को ईवीएम से मतदान का तरीका समझाया जा रहा है। बुधवार को बभनी और दुद्धी के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट के साथ वीवीपैट के संयोजन और उसकी कार्यविधि बताई गई।
एसडीएम रमेश कुमार के निर्देश पर प्रशिक्षक सुनील चंद्र और लेखपाल विमलेश कुमार, संजय कुमार ने ईवीएम के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि ईवीएम को लेकर कुछ समय से लोगों में तमाम भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। बैलेट यूनिट पर मतदाता अपना वोट देता है तो वीवीपैट की स्क्रीन पर सात सेकेंड तक वह दिखता है। इसके बाद मतदाता का मत कंट्रोल यूनिट में सेव हो जाता है। इसमें किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं की जा सकती। ईवीएम के बारे में जानकारी जुटाने में युवा मतदाताओं में खासा उत्साह रहा। बुधवार को बभनी चौराहे पर 61 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर हरदेव सिंह, जदुबीर खरवार, धर्मेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, उपेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। उधर, दुद्धी में एलईडी वैन के माध्यम से अलग-अलग मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के संयोजन के बारे में समझाया गया।