चोपन। कोठा टोला गांव में मंगलवार को संदिग्ध हाल में एक मजदूर का शव फंदे से लटकता मिला। उसके गले में दुपट्टे का फंदा बंधा था और पैर जमीन को छू रहा था। युवक पिछले 15 दिनों से यहां एक युवती के साथ रह रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
नवा टोला परसोई निवासी पवन कुमार (22) गांव की एक युवती के साथ करीब पंद्रह दिनों से कोठा टोला में एक किराए के आवास में रह रहा था। यहां दोनों मजदूरी कर रहे थे। पड़ोस में रहने वाली सात वर्षीय बालिका मंगलवार की सुबह युवती को बुलाने घर में पहुंची तो वहां फंदे से पवन की लाश लटक रही थी। युवती घर में नहीं थी। कुछ ही देर में ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पाकर डाला चौकी पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों को सूचना देते हुए शव को फंदे से उतरवाया। कुछ देर में युवती भी वहां पहुंच गई। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों करीब दो महीने से साथ थे। यहां 15 दिनों पहले आए थे। सोमवार की रात पवन नशे में धुत होकर घर आया और उससे विवाद करने लगा। मारपीट कर उसे कमरे से बाहर कर दिया। इसके बाद वह ओबरा स्थित अपने बहन के घर चली गई। सुबह जब काम पर आई तो उसे पवन के मौत की जानकारी हुई। इस बाबत डाला चौकी प्रभारी मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।