सलखन। क्षेत्र के चिरूई, पल्हारी और कोदई गांव में बिना खनन पट्टे के बोल्डर का अवैध खनन जोरों से हो रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नगवां विकासखंड के कोदई क्लस्टर के तीन गांवों चिरुई, पल्हारी, कोदई में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के तहत पिछले वर्ष लोकसभा सांसद व सदर विधायक की ओर से बंधी निर्माण का शिलान्यास किया गया था। क्षेत्रीय किसानों में इस कार्य से बड़ी उम्मीद जगी थी। बंधी के निर्माण में ठेकेदार की ओर से मानकों के विपरीत सामग्री और चोरी के बोल्डरों के प्रयोग का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। जांच के दौरान शिकायत सही मिलने पर वन विभाग के एसडीओ की ओर से करीब 80 ट्राली बोल्डर सीज कर दिया। इस बीच ठेकेदार की ओर से कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया। लवकुश, पोयम, जागेश्वर, रामबहाल खरवार, सुदामा चेरो प्रधान ने बताया कि ठेकेदार ने आधा-अधूरा बांध का ही निर्माण कराया है। वहीं पिचिंग कार्य भी अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे अर्धनिर्मित बंधी के धराशाई होने की चिंता सताने लगी है। स्थानीय लोगों ने बंधी निर्माण की लागत का बोर्ड न लगाने का आरोप भी लगाया है। ग्रामीणों ने अवैध खनन और बंधी में अनियमितता पर डीएम से स्थलीय निरीक्षण कर उचित कार्रवाई की मांग की है।