सोनभद्र जिले की सीमा से सटे पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के सिंगरौली में रविवार को भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे सिंगरौली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गोरबी-बरगवां मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
बड़ोखर गांव के पास गोरबी-बरगवां मार्ग पर एक स्कोडा कार और टेंपो की सीधी भिड़ंत हो गई। इसमें सोबरनिया (50) पत्नी परमसुख निवासी ग्राम बड़ोखर, सुंदरमणी केवट (35) पत्नी शुभरन केवट ग्राम देवरा चौकी तीनगुड़ी और विजय साकेत (25) पुत्र मायाराम साकेत ग्राम मझगवां थाना बरगवां की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। हादसे में घायल दिवाकर प्रसाद मिश्रा का इलाज जिला चिकित्सालय बैढ़न में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बरगवां के नगर निरीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बैढ़न भिजवाया। वहीं मृतकों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद लगे जाम को खुलवा कर आवागमन सुगम करा दिया गया है।
कोन थाना क्षेत्र के शिवपुर में रविवार को खेलते समय तीन साल का मासूम शिवा नाद में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शिवपुर गांव निवासी विजय पटेल के घर के बाहर मवेशियों को चारा देने के लिए रखे नाद में बारिश का पानी भरा हुआ था।
रविवार की दोपहर करीब 12 बजे विजय का तीन साल का बेटा शिवा खेलते-खेलते घर से बाहर निकल कर नाद के पास पहुंच गया। उसने नाद में चढ़ने का प्रयास किया तो उसमें गिर पड़ा। उधर आधे घंटे बाद जब परिजनों ने शिवा को नहीं देखा तो उसकी खोजबीन शुरू की। घर से बाहर निकले तो देखा कि वो नाद में गिरा पड़ा है। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।