बभनी स्थित एक होटल के समीप शुक्रवार को पुलिस ने दो मारुति वैन से करीब 1800 लीटर डीजल लेकर जा रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।
शुक्रवार को चेकिंग के दौरान बभनी पुलिस ने डीजल लदे दो मारुति वैन को पकड़ लिया। पुलिस ने वैन चालकों से डीजल के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि वे डीजल छत्तीसगढ़ लेकर जा रहे हैं लेकिन उनके पास डीजल ले जाने के कागजात नहीं है। एसएसआई देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए अशोक डे पुत्र अमूल डे निवासी और विनोद सोनी पुत्र विरेंद्र सोनी निवासी बलरामपुर छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 1800 लीटर डीजल बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। दोनों मारुति वैन को भी सीज कर दिया गया है।