मधुपुर। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर मधुपुर फ्लाईओवर के पास हाईवा की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराकर ट्रॉली पलट गई। चालक नीचे दब गया। हादसे के बाद हाईवा को छोड़कर चालक भाग गया। सुकृत चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुकृत के परसहवा टोला निवासी जगदीश पाल (42) बांस लेने अपने रिश्तेदार के यहां ट्रैक्टर-ट्राली लेकर सुकृत से मधुपुर आ रहा था। वह फ्लाईओवर के पास पहुंचा तभी अचानक पीछे से हाईवा ने टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रॉली पलट गई। ट्रैक्टर चालक नीचे गिर गया। ट्राॅली से दबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने सुकृत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सुकृत चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। टोलप्लाजा कर्मी मौके पर हाइड्रा लेकर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर ट्राली को हटा कर फ्लाईओवर के नीचे के मार्ग पर आवागमन शुरू कराया।