बभनी। बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर बुधवार की रात बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आने से मोपेड सवार दो लोगों की मौत हो गई। हेलमेट न होने से उनका सिर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बभनी के चीकू टोला निवासी मानसिंह (55) अपने भतीजे राजू (18) के साथ रात करीब सवा आठ बजे मोपेड से बभनी मोड़ की तरफ जा रहे थे। कुद्दुश क्लाथ हाउस के पास पहुंचे, तभी बभनी मोड़ की तरफ से तेज गति में आ रही ट्रैक्टर ने उन्हें चपेट में ले लिया। सड़क पर गिरे मानसिंह और राजू को रौंदते हुए चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों सिर बुरी तरह कुचल गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दिया। मौके पर एसआई वीर बहादुर सिंह चौधरी पहुंचे और दोनों को सीएचसी बभनी ले गए। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एसओ सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि दोनों शवों को सीएचसी के मोर्चरी में रखवा दिया गया है। उधर, घटना की सूचना लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे का शव देख पिता जीत सिंह गश खाकर गिर पड़े। होश में आने पर बिलखने लगे।