सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी के पास सोमवार की देर रात पहले से खड़े ट्रक में पीछे से रोडवेज बस भिड़ गई। घटना के वक्त बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। इसमें कई यात्री घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी यात्रियों को दूसरे बस से आगे के लिए रवाना किया गया।
विंध्यनगर डिपो की बस वाराणसी से यात्रियों को लेकर सोमवार देर शाम विंध्यनगर (एमपी) के लिए रवाना हुई। रास्ते में करीब 1.30 बजे राबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर हिंदुआरी मोड़ के पास जैसे ही रोडवेज बस पहुंची, यहां पहले से खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गई। चालक को झपकी लगने के कारण दुर्घटना का अंदेशा जताया जा रहा है। दुघटना में कई यात्रियों को चोंटे आई। बस में चालक, परिचालक के साथ 40 से अधिक यात्री सवार थे। रात में ही यात्रियों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। सभी यात्रियों को मामूली चोंटे आई थी। इसके बाद उन्हें दूसरी बस से विंध्यनगर के लिए रवाना किया गया। इस संबंध में सोनभद्र डिपो के एआरएम विश्राम कुमार का कहना है कि सोमवार की रात में विंध्यनगर डिपो की एक बस हिंदुआरी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। यात्रियों को मामूली चोंटे आई थी। प्राथमिक उपचार कराते हुए रात में ही यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।