ओबरा तापीय परियोजना के विस्तारीकरण में लगाई जाने वाली सी परियोजना की जद में आ रहे झरियानाला के आसपास के क्षेत्र को खाली कराने गुरुवार को पहुंचे परियोजना प्रशासन के अधिकारियों एवं चबूतराधारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। परियोजना प्रशासन ने जगह खाली करने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उधर चबूतराधारियों ने मांग की है कि परियोजना के जद में आने वाले रहवासियों की तरह ही उन्हें भी कहीं पर स्थान दिया जाए।
सामाजिक प्रगति परिषद के अध्यक्ष सुशील मिश्रा संग्राम ने कहा कि जब तक इन लोगों को अन्यत्र कहीं पर स्थान नहीं दिया जाता तब तक इन लोगों को यहां से हटाया जाना न्यायपूर्ण नहीं है। उप महाप्रबंधक सिविल इं. आरके सिंह ने बताया कि सभी लोगों को व्यक्तिगत रूप से मिलकर एक सप्ताह के अंदर जगह खाली करने के लिए कहा गया है।
बता दें कि एक माह पूर्व भी स्थानीय थाने में सदर एसडीएम, मुख्य महाप्रबंधक ओबरा तापीय परियोजना, ओबरा सीओ एवं ओबरा-सी के जद में आने वाले लोगों के बीच हुई बैठक के दौरान भी क्षेत्र को खाली करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। सदर एसडीएम ने एक सप्ताह के अंदर जगह खाली नहीं करने पर कठोर कार्रवाई किए जाने की बात भी कही थी। इं. एके सेठ, इं.राजीव कुमार, इं.आरपी मल्ल, इं.मकसूद अंसारी, इं.संजय महतो, इं. अदालत वर्मा आदि मौजूद रहे।