म्योरपुर। खैराही गांव के समीप शनिवार को टमाटर लदी पिकअप पलट गई। पिकअप में टमाटर के नीचे इमारती लकड़ी छिपाकर ले जाई जा रही थी। पिकअप पलटने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो इसका खुलासा हुआ। लकड़ी को छत्तीसगढ़ से लाया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने लकड़ी को वन रेंज कार्यालय लाकर सीज कर दिया। चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर खैराही गांव में शनिवार की भोर में एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। उस पर लदा टमाटर के कैरेट सड़क पर बिखर गए। लोग वहां पहुंचे तो उनकी नजर पिकअप के अंदर कैरेट के नीचे छिपाकर रखे गए छह बोटा साखू की लकड़ी पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। लकड़ी मौके पर ही रह गई। पिकअप छत्तीसगढ़ से टमाटर लादकर बनारस की मंडी में जा रहा था। रोजाना बड़ी संख्या में पिकअप से हरी सब्जियों की खेप मंडियों में जाती है। सब्जी के नीचे क्या लदा है, इसकी जांच नहीं होती। तस्कर इसका फायदा उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वन दरोगा विजेंद्र ने बताया कि लकड़ी छत्तीसगढ़ से लाई जा रही थी। लकड़ी की खेप वन रेंज कार्यालय ले जाकर सीज कर दी गई है।