विकासखंड कार्यालय दुद्धी के आसपास स्थित दुकानों का ताला चटकाकर बुधवार की रात चोरों ने हजारों का माल उड़ा दिया। एक रात में हुई चोरी की इस घटना से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। वहीं क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाएं पुलिस प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गई हैं।
ब्लॉक कार्यालय के आसपास की दुकान और प्रसाद सेवा सदन अस्पताल के सामने स्थित चार पान की दुकान का चोरों ने ताला तोड़ दिया। दुकानदार मनोज कुमार, श्रवण कुमार, कल्लू आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो पहले से ताला टूटा देख अवाक रह गए। दुकान में रखा साबुन, तेल, गुटखा, सिगरेट और नकदी गायब मिला। चोरी की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। दुकानदारों का कहना है कि पहले भी कई बार दुकान में चोरी हो चुकी है। ब्लॉक कार्यालय के पास आए दिन चोरी होना पुलिस के रात्रि गश्त पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।