सोनभद्र। जिले में निजी स्कूलों की तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा देने की पहल तेज कर दी गई है। प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाने वाले परिषदीय स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित करने का फैसला शिक्षा विभाग ने लिया है। इस संबंध में बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. हरिवंश ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षक-शिक्षकाओं को निजी स्कूलों की तर्ज पर बच्चों को शिक्षा देने का निर्देश दिया है। इसका मुख्य उद्देश्य परिषदीय स्कूलों में अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देना है। शिक्षा विभाग की मानें तो सर्वे कर पता लगाया जाएगा कि किन-किन परिषदीय स्कूलों में सबसे अधिक निजी स्कूलों से बच्चों ने नाम कटवा कर दाखिला लिया है। जिन स्कूलों में अधिक बच्चे एडमिशन कराएंगे होंगे, वहां माना जाएगा कि गुणवत्तायुक्त पढ़ाई हो रही है। ऐसे स्कूलों के शिक्षक और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में बेसिक शिक्षाधिकारी हरिवंश कुमार ने कहा कि निजी स्कूलों से नाम कटवा कर खुद के यहां दाखिला दिलाने वाले परिषदीय स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षक, शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।