कुंवारी गांव के पास जलती रोडवेज बस
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र अनपरा के वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर मंगलवार को अनपरा थाना क्षेत्र के कुंवारी गांव के पास रोडवेज बस में आग लग गई। धू-धू कर जलती बस देख सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग बस से कूदकर भागने लगे। अग्निशमन यंत्र न होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते बस काफी हद तक जल गई। घंटे भर बाद भी अग्निशमन वाहन मौके पर नहीं पहुंच पाया था।
सवारियों से भरी विंध्यनगर डिपो की बस मंगलवार दोपहर वाराणसी से शक्तिनगर की ओर जा रही थी। कुंवारी के समीप जंगल में चढ़ाई चढ़ने के दौरान बस के किसी हिस्से में आग लगने के कारण अंदर धुंआ भर गया। देखते ही देखते धुंआ आग में तब्दील हो गया। बस के अंदर आग बुझाने का कोई भी उपकरण न होने के चलते आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। बढ़ती आग की लपटों को देख बस के भीतर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जैसे-तैसे बस से बाहर निकल सभी ने अपनी जान बचाई। वहीं दिन भर चलती तेज हवाओं के कारण आग और तेजी से फैलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलने के लगभग एक घंटे बाद तक वहां दमकल की गाड़ी नहीं पहुंच सकी। पुलिस की टीम ने बड़ी दुर्घटना होने की संभावना जताते हुए परिवहन कर रहे सभी गाड़ियों को दूर करा कर खड़ा करा दिया। जिससे काफी देर तक यात्रा प्रभावित रही।