वैनी। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के नगवा अध्यक्ष महेंद्र जायसवाल की अध्यक्षता में शिक्षकों ने डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजने का विरोध जताते हुए स्कूल शिक्षा के महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति की गई है वहां चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी भी हैं। इनकी सहायता से डाटा फीडिंग का कार्य किया जा सकता है। शिक्षक केवल विद्यालय से सूचनाओं का संकलन कर बीआरसी केंद्र पर उपलब्ध कराएं। अगर कहीं से भी जबरदस्ती कार्रवाई का भय दिखाकर कार्य कराया जा रहा है तो शिक्षक संघ आंदोलन करेगा। ब्लॉक मंत्री विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि डाटा फीडिंग जैसे कार्य के लिए शिक्षकों को लगाया जाना आरटीई के नियमों का उल्लंघन है। ब्लॉक उपाध्यक्ष आरती जायसवाल ने कहा कि अभिभावकों के नाम उनके आधार में कुछ और दर्ज हैं, जबकि बच्चों के आधार कार्ड में भिन्न हैं। ऐसी दशा में आधार प्रमाणीकरण कैसे संभव है। ब्लॉक कोषाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने कहा कि यह कार्य लिपिक दायित्व का है, मगर शिक्षकों से कराया जाना उचित नहीं है। संघ ने कहा कि डीबीटी का कार्य बीआरसी के माध्यम से अध्यापकों को समुचित संसाधन व कंप्यूटर संचालन का प्रशिक्षण देकर ही कराया जाए। ऐसा न होने तक किसी भी कंप्यूटरीकृत ऑनलाइन कार्य का ब्लाक के शिक्षक बहिष्कार करेंगे।