देश के अति पिछड़े (आकांक्षी) जिले में शुमार सोनभद्र विकास के विभिन्न मापदंडों पर एक पायदान और ऊपर चढ़ गया है। नीति आयोग की ताजा रैंकिंग में जिले को चौथा स्थान मिला है जबकि सितंबर में वह पांचवें स्थान पर था।
रैकिंग पर नजर डालें तो टॉप-10 में शामिल यूपी के पांच जिलों में बलरामपुर शीर्ष पर है तो वहीं सिद्धार्थनगर को दूसरा स्थान मिला है। वर्ष 2018 में नीति आयोग ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, बुनियादी ढांचा सहित अन्य बिंदुओं के आधार पर देश के 112 अति पिछड़े जिलों का चयन किया था। इसमें प्रदेश के आठ जिले सोनभद्र, चंदौली, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, बहराइच और श्रावस्ती शामिल हैं। इन जिलों में चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति के आधार पर हर माह आयोग उनकी रैंकिंग जारी करता है। सितंबर माह की रैंकिंग में सोनभद्र पांचवें स्थान पर था, तब बलरामपुर, सिद्धार्थनगर के बाद असम के दरांग और बिहार का अररिया जिला सोनभद्र से आगे थे। अक्तूबर की रैंकिंग में बलरामपुर और सिद्धार्थनगर ने अपना क्रमश: पहला, दूसरा स्थान बरकरार रखा है। तीसरे स्थान पर असम का दरांग जिला भी मौजूद है। अररिया को पीछे छोड़कर अब सोनभद्र चौथे स्थान पर आ गया है। वर्ष 2018 में अति पिछड़े जिलों में चयन के दौरान सोनभद्र की रैंकिंग 83 थी। पिछले तीन वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सतत रूप से हुए विकास कार्यक्रम की बदौलत सोनभद्र की रैंकिंग में काफी सुधार हुआ है। टॉप-10 की सूची में अररिया पांचवें, झारखंड का सिमडेगा छठवें, चंदौली सातवें, फतेहपुर आठवें, रांची नौंवे और मणिपुर का चंदेल दसवें स्थान पर है।
डेल्टा रैंकिंग में 17वां स्थान
ओवरऑल रैंकिंग में सोनभद्र भले ही आगे हो लेकिन डेल्टा रैंकिंग (पिछले माह हुए कार्यों की तुलनात्मक प्रगति) में जिले को 17वां स्थान मिला है। माह सितंबर में 56.1 प्रतिशत अंकों के साथ जिले ने 59वीं रैंक पाई थी। अक्तूबर में 56.8 अंक के साथ डेल्टा रैंक 17वां है। अलग-अलग क्षेत्रों की रैंकिंग पर गौर करें तो स्वास्थ्य एवं पोषण में 35, शिक्षा में 23, कृषि में 30 , वित्तीय समावेशन में छह और बुनियादी ढांचा में 21वीं रैंक मिली है।
विभागों में समन्वय और कर्मचारियों की मेहनत से जिले की ओवरऑल रैंकिंग में काफी सुधार हुआ है। डेल्टा रैंकिंग में थोड़े पीछे हैं तो उसमें भी बेहतर सुधार करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। - डॉ. अमित पाल शर्मा, सीडीओ, सोनभद्र।