कोन ब्लॉक के सतद्वारी में विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व संध्या पर संबोधित करते सोनांचल संघर्ष वाह?
- फोटो : SONBHADRA
विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को कोन क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़रक्ष के टोला सतद्वारी में प्रधान प्रतिनिधि अमरेश यादव की अगुवाई में समारोह हुआ। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय आदिवासियों ने शिरकत की। बतौर मुख्य अतिथि सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशनलाल यादव ने विरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में आदिवासियों ने अपनी तीन सूत्री मांगें रखीं।
कहा कि कैमूर सर्वे एजेंसी के काले कारनामों के चलते लगभग एक लाख हेक्टेयर लूटी गई आदिवासियों और मूल निवासियों की जमीन की सीबीआई जांच हो। धारा-20 की वनभूमि पर पुश्तैनी जोत कोड़ कर रहे आदिवासियों को वनाधिकार कानून लागू कर मालिकाना हक दिया जाए और सोनांचल के आदिवासियों को मुफ्त बिजली, पक्का मकान और रोजगार की व्यवस्था सरकार करे। इन तीनों मांगों को लेकर आदिवासियों ने रोशनलाल यादव की अगुआई में अनशन भी किया। मांग की गई कि आदिवासियों की इन तीनों मांगों को सरकार जल्द से जल्द पूरा करे। आदिवासियों ने मांगों के समर्थन में तीर-धनुष के साथ प्रदर्शन भी किया।
वहीं मुख्य अतिथि ने कहा कि आजादी के बाद से ही सोनांचल के आदिवासियों के साथ सरकारें नाइंसाफी कर रही हैं। सोनांचल के आदिवासियों की जल, जंगल और जमीन सोनांचल में कल कारखानों के स्थापित होने से चली गई। सरकार यहां के आदिवासियों को मुफ्त बिजली, पक्का मकान और रोजगार दे, तभी आदिवासियों के साथ न्याय होगा। कहा कि आदिवासियों का उत्पीड़न और उनके साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैलाश गोंड, संजय दूबे, अन्नू खान, सलमान, भोला यादव, राम नरेश, लक्ष्मन, राजू पाल आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता अमरेश यादव और संचालन सौरभ कांत पति तिवारी ने किया।