सोनभद्र जनपद के रायपुर थाना क्षेत्र के दरमा मोड़ के आगे पुलिया में सोमवार को क्षत-विक्षत अर्धनग्न हाल में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। चरवाहों ने शव को देख पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई। सीओ आशीष मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दरमा मोड़ के आगे दोपहर करीब दो बजे कुछ चरवाहों ने एक महिला का शव देख आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे रायपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विश्व ज्योति राय ने शव के कब्जे में लेने के साथ ही घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी आशीष मिश्रा और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल करने में जुट गई। पुलिस ने महिला की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया लेकिन पता नहीं चला। शव को देख लग रहा था कि किसी ने हत्या कर फेंका है।
शव कई दिन पुराना लग रहा था। सीओ ने कहा कि मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। 72 घंटे तक जिला अस्पताल में शव को रखा जाएगा। तब तक पहचान नहीं हुई तो पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार किया जाएगा। रायपुर एसओ के अलावा स्वाट और एसओजी टीम भी घटना के खुलासे में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी।