मारकुंडी घाटी स्थित सोन ईको प्वाइंट झरने का लुप्त उठाते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। सुहाने मौसम के बीच जिले के पर्यटन स्थलों पर रविवार को फिर सैलानियों की भीड़ उमड़ी। कल-कल करते झरनों के बीच बैठकर पानी से अठखेलियां की। सोन घाटी के विहंगम नजारों को यादों में सहेजकर साथ ले गए। बच्चों-युवाओं की टोली पूरे दिन मस्ती में डूबी रही।
सावन के महीने में बारिश के बाद पूरी घाटी हरियाली से सराबोर हो जाती है। इसका नजारा देखने दूर-दूर से लोग आते हैं। रविवार की छुट्टी के दिन यह संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुनी हो जाती है। नगर से सटे सोन इको प्वाइंट पर खड़े होकर सैलानियों ने मारकुंडी घाटी के नैसर्गिक सुंदरता का दीदार किया तो पंचमुखी और कंडाकोट की पहाड़ियों पर चढ़कर महादेव की आराधना के साथ पिकनिक भी मनाया।
घोरावल के मुक्खा फाल, महुअरिया के जंगलों में भी बड़ी संख्या में लोग मस्ती करने पहुंचे। पहाड़ियों से गिरते झरनों के बीच बैठकर बच्चों-महिलाओं की टोली मस्ती करती रही तो कहीं युवा संगीत की धुनों पर थिरकते रहे। सुबह से ही शुरू हुआ मौज-मस्ती का दौर पूरे दिन चलता रहा।