सोनभद्र के डीएम अभिषेक सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक ली। उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और उनके प्रति सहयोगात्मक रवैया अपनाने का निर्देश दिया। बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
डीएम ने अफसरों को हिदायत दी कि उद्योग स्थापना में किसी तरह की बाधा न बनें। नियमानुसार कार्रवाई कर उद्यमियों की मदद करें, जिससे अधिकाधिक रोजगार सृजित हों और उद्यमी भी चिंतामुक्त होकर अपने उद्योग को संचालित करते रहें। उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र उद्यमियों के प्रति की जा रही कार्रवाई पर नियमित पैनी नजर रखने को कहा ताकि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को बेहतर सुविधा व सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। लिहाजा उपायुक्त उद्योग की जिम्मेदारी होगी कि वे योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाएं।
इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, स्टांप व रजिस्ट्रेशन, राजस्व आदि की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि व्यापार मंडल/उद्योग व्यापार से जुड़े संगठनों से समन्वय स्थापित कर पंजीकरण व जन जागरूकता अभियान चलाया जाय। इस मौके पर उप जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र, सीएमओ डॉ. नेम सिंह, अपर श्रमायुक्त सरजू राम आदि रहे।