आकांक्षी नगर योजना के तहत अनपरा नगर के 25 शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास लगाने की तैयारी जोरों पर चल रही है। 62.5 लाख रुपये स्मार्ट क्लास और 17.75 लाख रुपये फर्नीचर के लिए शासन से बजट स्वीकृत हुआ है।
इस योजना से शासकीय विद्यालय के बच्चे नए तकनीक से शिक्षा ग्रहण करेंगे। शासन ने अनपरा नगर आकांक्षी नगर योजना के तहत चयनित किया है। इस योजना के तहत नगर में स्वास्थ, शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विकास कार्य करने है।
योजना की शुरूआत नगर के शासकीय विद्यालयों से की गई है। नगर में प्राथमिक, माध्यमिक और कंपोजिट मिलाकर कुल 25 शासकीय विद्यालय हैं। योजना के तहत सभी विद्यालयों में एक अलग कमरे में स्मार्ट क्लास बनाया जाएगा, जिससे बच्चे नए तकनीक से शिक्षा ग्रहण करेंगे।
हर स्मार्ट क्लास के लिए 2.50 लाख रुपये और 71 हजार रुपये फर्नीचर के लिए बजट शासन से आया हुआ है। इसमें 75 इंच का एक इंट्रैक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले, सीपीयू, वायरलेस की बोर्ड एवं माउस, एक केवीए का यूपीएस, वेब कैमरा वाईफाई सिस्टम के साथ रहेगा।
इसमें कक्षा 1 से लेकर आठ तक के बच्चों के लिए पढ़ाई के लिए सभी साफ्टवेयर उपलब्ध होंगा। साथ ही चाक के बजाए एक पेन के माध्यम से स्क्रीन पर बच्चों को पढ़ाई कराई जाएगी। ये सभी स्मार्ट क्लास जिले से जुड़े रहेंगे।
सीएम फेलो के डॉ. धीरेंद्र, शिक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग खंड-2 के अधिकारी के संयुक्त टीम ने विद्यालयों का सर्वे शुरू कर दिया है। जल्द ही विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।