नेशनल हाईवे 39 लौआ नदी पर बन रहे पुल के निर्माण में मानक की अनदेखी की जा रही है। एसडीएम के निरीक्षण में इसकी पोल खुली है। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने कार्यदाई संस्था को तलब किया है।
पिछले दिनों ग्रामीणों ने लौआ नदी में पुल निर्माण में मानक की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। पुल निर्माण कार्य में घटिया सामग्री मिट्टी युक्त बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम दुद्धी शैलेंद्र मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिट्टी युक्त बालू, घटिया गिट्टी, सरिया व सीमेंट में गड़बड़ी मिलने से कार्यदाई संस्था से जुड़े लोगों पर भड़क उठे। नाराज एसडीएम ने कार्यदाई संस्था को तलब करते हुए निर्माण कार्यों की जांच कराने की बात कही। लौआ नदी के पुल का निर्माण कार्य बीते एक साल से हो रहा है। निर्माण की धीमी गति से बड़े वाहनों को 45 किमी दूर रेणुकूट आश्रम होकर गुजरना पड़ रहा है। एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने कहा कि कार्यदाई संस्था को नोटिस भेजकर तलब किया गया है। कच्चे सामानों में सुधार नहीं होने पर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।