जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह पर की गई अभद्र टिप्पणी से नाराज कार्यकर्ताओं ने रविवार को कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के विरोध में प्रदर्शन किया। राबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही मुख्यमंत्री से मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला प्रधान महासचिव आशीष सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री द्वारा इस तरह की अशोभनीय बातें करना निंदनीय है। संतोष सिंह चंदेल ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने राजा भैया पर अशोभनीय टिप्पणी की। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक हरिराम चेरों की शिकायत की जांच शुरू हो गई है। रविवार को ओबरा के एसडीओ (वन) ने स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। जांच से वनकर्मियों में खलबली मच गई है। जुलाई में दुद्धी विधायक हरिराम चेरो ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर जरहा वन रेंज के क्षेत्राधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल जांच की मांग की थी।
ओबरा एसडीओ जेपी सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया। रविवार को बीजपुर पहुंचे ओबरा एसडीओ ने जांच की। एसडीओ जेपी सिंह ने बताया कि शासन से मिले आदेशानुसार से मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।