प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों का कॉलेज में हंगामा
कॉलेज प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी, गेट किया क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
दुद्धी। दाखिले से वंचित छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को राजकीय डिग्री कॉलेज में जमकर हंगामा किया। विरोध प्रदर्शन करते हुए कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति संभालने के लिए कॉलेज प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने भी काफी मशक्कत कर छात्र-छात्राओं को शांत कराया। सीट वृद्धि के लिए विवि से पत्राचार करने का आश्वासन दिया गया।
नगर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में मंगलवार को प्रतीक्षा सूची के छात्र-छात्राओं का प्रवेश होना था। इसके लिए 85 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इसके सापेक्ष कई गुना छात्र-छात्रा पहुंच गए। दाखिले से वंचित अभ्यर्थी हंगामा करने लगे। हंगामा बढ़ता देख कॉलेज प्रशासन ने गेट बंद कराते हुए पुलिस को सूचना दी। कॉलेज प्रशासन ने जैसे ही गेट बंद करवाया तो छात्र आक्रोशित होकर गेट के पास जमकर हंगामा करते हुए कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गेट पर ही धरने पर बैठ गए। सीट वृद्धि की मांग कर रहे छात्रों ने मेन गेट पर लगे चैनल पर जमकर गुस्सा निकाला। इससे चैनल गेट क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पाकर कोतवाल राघवेंद्र सिंह व एसएसआई बालेंद्र यादव फोर्स के साथ कॉलेज पहुंचे और हंगामा कर रहे छात्रों को खदेड़ कर गेट खाली करवाया। इसके बाद प्राचार्य डॉ नीलांजन मजूमदार ने छात्रों को समझाते हुए कहा कि विवि से सीट वृद्धि के लिए पत्र लिखा जा रहा है। जैसे ही सीट वृद्धि की आदेश मिलता है तो बचे हुए छात्रों का एडमिशन किया जाएगा।
---
420 सीटों पर आए हैं 1035 आवेदन
कॉलेज के परीक्षा प्रभारी डॉ. रामसेवक यादव ने बताया कि दुद्धी डिग्री कॉलेज में बीए में 420 सीट निर्धारित है, जबकि लगभग 1035 आवेदन पत्र जमा हुए थे। लिहाजा आवेदन करने वाले 50 फीसदी से अधिक छात्र प्रवेश से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्नातक में 420 सीटों पर प्रवेश हो चुका है। बीएससी मैथ में 48 आवेदन आए थे, जिस पर 60 छात्रों का प्रवेश हो चुका है। बीएससी बायो ग्रुप में 114 आवेदन प्रवेश के लिए आए थे, जिसमें साथ छात्रों का प्रवेश हो चुका है। बीएससी मैथ में 120 सीटें निर्धारित है। वही बीकॉम में 110 प्रवेश के लिए आवेदन आए थे जिसमें 78 छात्रों का प्रवेश हो चुका है।
---
इनसेट
पानी के लिए तरसते रहे छात्र-छात्रा
दुद्धी। कॉलेज में प्रवेश लेने पहुंचे छात्र-छात्राओं को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। कॉलेज मेन गेट के बाहर पानी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण प्रवेशार्थी काफी परेशान दिखे। छात्रों का कहना था कि तहसील मुख्यालय पर स्थित एक मात्र सरकारी डिग्री कॉलेज में पानी तक की व्यवस्था न होना चिंता का विषय है।