दो दिन पूर्व पुलिस चौकी डाला क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर डीजल लदे टैंकर को खड़ाकर भागने वाले चालक और खलासी को पकड़ने के लिए पुलिस ने मंगलवार को तेलगुड़वा समेत कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस को चालक और खलासी के बारे में अहम जानकारी हाथ लगी है। उसी आधार पर पुलिस दोनों को पकड़ने के लिए हाथ पांव मार रही है।
पांच दिन पूर्व राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी गांव स्थित एक पेट्रोल पंप से करीब 29 हजार लीटर डीजल लेकर खड़िया मध्य प्रदेश के लिए निकला टैंकर रविवार को लावारिस हाल में पुलिस चौकी डाला क्षेत्र में मिला। टैंकर के चालक और खलासी लापता हैं। पुलिस को चंदौली जिले के पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर निवासी टैंकर मालिक ने तहरीर देकर अवगत कराया कि 16 अप्रैल को उनके टैंकर के चालक और खलासी विनायक सर्विसेज हिंदुआरी मोड़ से वाहन में 29 हजार लीटर डीजल लेकर वीपीआर माइनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड खड़िया केे लिए रवाना हुए थे लेकिन वहां नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं चालक और खलासी के मोबाइल बंद है। टैंकर से काफी मात्रा में डीजल भी गायब है। मामला संज्ञान में आने पर सीओ राजकुमार त्रिपाठी के निर्देश पर डाला चौकी प्रभारी मनोज सिंह ठाकुर टैंकर चालक और खलासी की खोजबीन में जुट गए हैं। सूत्रों की मानें तो डीजल बेचने वाले चालक और खलासी के बारे में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। उसी आधार पर उनके गिरेबां तक पुलिस पहुंचने का प्रयास कर रही है। चौकी प्रभारी मनोज सिंह ठाकुर ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा।