अनपरा। प्रचंड गर्मी के दौरान बिजली की बढ़ी मांग के बीच इकाइयों के बंद होने से प्रदेश में विद्युत संकट लगातार गहराता जा रहा है। उप्र राज्य विद्युत उत्पादन निगम की पहली सुपर क्रिटिकल इकाई हरदुआगंज ई से विद्युत उत्पादन ठप हो जाने से पावर कारपोरेशन की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ गई हैं।
रविवार को भी प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 21 हजार मेगावाट के करीब बनी रही। अनपरा की पहली व तीसरी इकाई से उत्पादन अभी शुरू ही हुआ था कि तकनीकी खराबी के कारण 660 मेगावाट क्षमता की हरदुआंगज ई बंद हो गई। इससे निगम का उत्पादन एक बार फिर से लुढ़ककर 3500 मेगावाट के करीब पहुंच गया। पारीछा ए, ओबरा व पारीछा बी की एक इकाई को अभी भी लोड पर नहीं लिया जा सका है। इसलिए सुचारु विद्युत आपूर्ति के लिए पावर कारपोरेशन को लगातार बिजली का आयात करना पड़ रहा है।