शासन की विभिन्न योजनाओं से छात्र-छात्राओं को लाभान्वित कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। छात्र-छात्राओं में योजनाओं के प्रति जागरूकता लाते हुए उन्हें इसके लाभ के प्रति प्रेरित करने को कहा गया जिससे पठन-पाठन के स्तर में वृद्धि हो।
सीडीओ सौरभ गंगवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग ऐसे गरीब निर्धन व प्रतिभावान छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जा रही है जो आर्थिक तंगी के कारण तैयारी नहीं कर पा रहे। जिले के छात्रों के प्रशिक्षण के लिए संत कीनाराम महाविद्यालय लोढ़ी में केंद्र संचालित है। जिला प्रोबेशन अधिकारी पुनीत टंडन ने बेटी बचाओ योजना के बारे में बताया। कन्याओं को पढ़ने के लिए कन्या सुमंगला योजना के तहत आर्थिक सहयोग दिए जाने की जानकारी दी। बताया कि इसमें छह श्रेणियों में 15000 रुपये तक की मदद दी जाती है। सीडीओ ने सभी अफसरों व प्रधानाचार्यों को योजनाओं से सभी को लाभान्वित कराने का निर्देश दिया। कहा कि जिन विद्यालयों का परीक्षाफल 100 प्रशित रहा है, उनके प्रधानाचार्य को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। डीआईओएस रविशंकर ने जुलाई से विद्यालय खुलने पर विद्यालय की साफ-सफाई बिजली, पानी सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर स्वच्छ वातावरण में पठन-पाठन प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।