कुछ दिनों पूर्व बभनी थाना क्षेत्र के डूभा गांव में संचालित निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक और आशा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धारा मेें केस दर्ज किया है। सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
पुलिस ने बताया कि नौ जून को बीजपुर निवासी वीरेंद्र विश्वकर्मा अपनी पत्नी रानी (28) का प्रसव कराने बीजपुर स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा था। वहां महिला का बेहतर उपचार नहीं हुआ। आरोप है कि इसके बाद आशा के कहने पर डूभा स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। मृतक महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक और आशा विमला देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। सोमवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पकड़े गए अस्पताल संचालक व कथित डॉक्टर नीरज कुमार शर्मा निवासी पड़रवा थाना अहरौरा जनपद मिर्जापुर को हवाई पट्टी रोड म्योरपुर से और आशा विमला देवी निवासी बीजपुर को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।