जिले में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने और उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए गठित जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक सोमवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण करने का डीएम ने निर्देश दिया। इसमें किसी तरह की लापरवाही और शिथिलता बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की हिदायत दी।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने कहा कि उद्योग बंधुओं से जुड़े मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से अवश्य किया जाय। उद्यमियों के प्रति सहयोगात्मक रूख अपनाएं। उनके लंबित प्रकरणों का निस्तारण सकारात्मक सोच के साथ किया जाए। उन्होंने सभी संबन्धितों को आगाह करते हुए कहा कि वे नियमानुसार कार्रवाई कर उद्यमियों की मदद करें, ताकि अधिकाधिक रोजगार सृजित हो। उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि उद्यमियों के प्रति की जा रही कार्रवाई पर अपनीे पैनी नजर रखें, ताकि उद्यमियों के मामलों का निस्तारण समयबद्व तरीके से हो और जिले में कारोबार व व्यापार क्षेत्र में विकास हो। भार-माप के लंबित प्रकरण, विद्युत भार, विद्युत सुरक्षा, रजिस्ट्रार फर्म सोसायटी एवं चिट्स से संबन्धित, फायर सर्विसेस, खाद्य सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण सहित अन्य विभागों से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान जिले के उद्यमियों ने प्रदूषण विभाग पर अनावश्यक रूप से नोटिस जारी करने संबंधी शिकायत की। इस पर डीएम ने प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी व्यापारी के विरूद्ध अनावश्यक रूप से नोटिस न जारी की जाय। अगर ऐसी कोई नोटिस दी जाय तो उसके संबंध में जिला उद्योग अधिकारी को अवगत कराएं। बैठक में विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।