घोरावल/कोन/बीजपुर। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारियों ने समस्याओं को सुना।
कोन थाने में सीओ ओबरा चारु द्विवेदी की अध्यक्षता में कुल दस प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई हुई। इनमें से सात का मौके पर निस्तारण किया गया। तीन अन्य राजस्व के मामलों को संबंधित लेखपाल को देकर निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत मौजूद रहे। चोपन थाने में थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह ने समस्याओं को सुना। यहां कुल छह मामले आए। इनमें से एक राजस्व और एक पुलिस से जुड़े केस निस्तारित हुए। चार अन्य मामलों के निस्तारण को टीम गठित की गई।
घोरावल कोतवाली परिसर में थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता क्राइम इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने की। कुल पांच फरियादियों ने प्रार्थना पत्र दिया। इनमें से 3 मामले पुलिस और 2 मामले राजस्व विभाग से संबन्धित रहे। मौके पर पुलिस से जुड़े दो प्रार्थना पत्रों काे निस्तारित किया गया। राजस्व निरीक्षक लालजी, लेखपाल रामआसरे, सुरेंद्र गुप्ता, मान सिंह मौजूद रहे। ओबरा में थानाध्यक्ष देवीवर शुक्ला की मौजूदगी में आए राजस्व से संबंधित एक मामले को निस्तारण के लिए संबंधित विभाग को सौंपा गया। बीजपुर में प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय की अध्यक्षता में जमीन विवाद का एक मामला पहुंचा।