घोरावल क्षेत्र के बडगांव में देशी शराब की दुकान पर जांच करती टीम।
- फोटो : SONBHADRA
पिछले दिनों जिले मेें एसटीएफ की ओर से नकली शराब की खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को फोर्स के साथ आबकारी इंस्पेक्टर और स्वाट प्रभारी ने घोरावल और करमा थाना क्षेत्र के कई देसी और विदेशी शराब की दुकानों पर जांच की। इसकी भनक लगते ही कई शराब विक्रेता दुकान बंद कर फरार हो गए।
कुछ दिनों पूर्व घोरावल कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ की एसटीएफ ने छापेमारी कर अवैध शराब का कारोबार करने के आरोप में कई लोगों को पकड़ कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब समेत अन्य सामानों को पकड़ा था। बुधवार को एसपी के निर्देश पर स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी और आबकारी इंस्पेक्टर अनुपम सिंह ने बड़गांव समेत कई जगहों पर स्थित शराब की दुकानों पर छापा मारा। टीम ने दुकानों में रखी शराब की जांच की। उधर जांच की भनक लगते ही कई शराब विक्रेता अपनी-अपनी शराब की दुकानों का शटर गिराकर फरार हो गए। स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी ने कहा कि अवैध शराब बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।