प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन चुनावी जनसभा को संबोधित करने दो मार्च को जिले में आएंगे। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप सभास्थल के मद्देनजर चुर्क कस्बा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की गई है। मंच के आसपास के क्षेत्र को एसपीजी ने पूरी तरह अपने घेरे में ले लिया है। कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्गों को सील कर दिया गया है। पीएम करीब एक घंटे तक जिले में रहेंगे। वह जिले की चारों सीटों से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे।
मंगलवार की देर रात तक डीएम टीके शिबू, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह समेत अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रह कर तैयारियों को पूर्ण कराने में जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल पर तीन हैलीपैड, मंच बनकर तैयार हो गया है। उधर पुलिस लाइन चुर्क में प्रधानमंत्री के आगमन/भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा में लगे पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक निर्देश दिए गए। एडीजी यूपी-112 लखनऊ अशोक कुमार, आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ राजीव मल्होत्रा ने पीएम की सुरक्षा ड्यूटी में लगे सभी राजपत्रित अधिकारियों व पुलिस बल को ब्रीफ कर ड्यूटी के प्रति संवेदनशीलता बरतने, मुस्तैद रहने, अपने आसपास पड़ी हर वस्तु को भलीभांति चेक करने और सुरक्षा मापदंडों का शत प्रतिशत अनुपालन करते हुए ड्यूटी करने सम्बन्धित अन्य महत्वपूर्ण निर्देश दिए। एडीएम राकेश सिंह, एएसपी विनोद कुमार, विजय शंकर मिश्रा, सदर एडीएम राजेश सिंह, सीओ राजकुमार तिवारी, प्रदीप सिंह चंदेल, शंकर प्रसाद आदि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जो लोग पीएम के कार्यक्रम में पहुंच कर व्यवधान उत्पन्न कर सकते हैं, उन्हें चिह्नित कर नजरबंद करें। खुफिया एजेंसियों ने भी ऐसे लोगों को चिह्नित किया है। रात में राबर्ट्सगंज, पन्नूगंज, ओबरा समेत कई थानों की फोर्स ने कई नेताओं को नजरबंद कर दिया।
सोनभद्र। पीएम की सुरक्षा में जिले के अलावा मिर्जापुर, भदोही, चित्रकूट समेत कई जिलों की फोर्स मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। बुधवार की सुबह नौ बजे फोर्स को अपने-अपने तैनाती वाले स्थानों पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। एसपी नेे कार्यक्रम स्थल की भलीभांति जांच करने के निर्देश दिए। बम स्क्वाड दस्ता, डाग स्क्वाड, एंटी सैबोटाज ने कार्यक्रम स्थल को खंगाला। उन्होंने पुलिस कर्मियों को कार्यक्रम स्थल पर काला छाता, काला कपड़ा, काला गमछा, काली टोपी, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ, पानी का बोतल तथा झोला, बैग आदि लेकर कोई व्यक्ति प्रवेश नहीं करने देने का फरमान जारी किया है।
चुर्क इंजीनियरिंग कालेज के समीप मधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल पर लगी कुर्सिया- फोटो : SONBHADRA