चुर्क में कब्जा हटवाने गई वन विभाग की टीम से विरोध दर्ज कराते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
चुर्क। नगर पंचायत में बनाए जा रहे प्रधानमंत्री आवास की भूमि को लेकर विवाद खड़ा हो गया। वन भूमि पर निर्माण का हवाला देते हुए वन विभाग की टीम ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाने की कोशिश की तो कब्जाधारक उनसे उलझ गए। वनकर्मियों से उनकी तीखी झड़प हुई। लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया। भारी फोर्स पहुंचने पर किसी तरह स्थिति संभाली गई। इस मामले में वन विभाग ने आठ लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
चुर्क चौकी क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड नंबर 05 और 01 में कुछ लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास का निर्माण करा रहे हैं। वन विभाग का कहना है कि निर्माण वन भूमि पर हो रहा है। इसे रोकने के लिए शनिवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब छह आवासों की ईंट की दीवार को गिरा दिया। दीवार तोड़े जाने से नाराज लोग वन विभाग की टीम से भिड़ गए। नोकझोंक के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। कुछ युवकों ने वन कर्मियों को वाहन से नीचे खींच लिया। संयोग रहा कि फोर्स पहुंचने व प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप से बड़ा बवाल टल गया। हिदायत देेते हुए वन टीम मौके से लौट गई। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी राम नारायण जैसल ने बताया कि आवास का निर्माण वन भूमि में हो रहा है। अवैध कब्जा हटवाने के लिए टीम मौके पर गई थी, जहां लोगों ने काफी विरोध किया। आठ लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। उधर, देर शाम सदर विधायक भूपेश चौबे भी चुर्क पहुंच गए। लोगों से वार्ता कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनके आवास नहीं गिराने दिए जाएंगे।