घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के खुटहां गांव में मंगलवार की रात बाइक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार को भी चोट आई है। घोरावल सीएचसी में प्रारंभिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।
खुटहां निवासी महावीर (60) पंपिंग सेट व जनरेटर बनाता था। मंगलवार को वह खुटहां गांव में ही किसी धार्मिक आयोजन में हिस्सा लेने संत रविदास मंदिर गया था। वहां से भगवान बुद्ध की कथा सुनने के बाद देर रात घर लौट रहा था। खुटहां बाईपास मार्ग पर राबर्ट्सगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर जख्मी हो गया। हादसे में बाइक सवार पेढ़ ग्राम पंचायत निवासी नागराज (50) को भी चोट आई। आसपास के ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से दोनों को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टर ने दोनों की हालत नाजुक होने के कारण ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही महावीर की मौत हो गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि मृतक महावीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चरी में भेज दिया गया। इस मामले में मृतक महावीर की पत्नी कलावती की तहरीर पर बाइक चालक नागराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।