बिजली विभाग के बकाएदार अब घर बैठे एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के जरिये सरचार्ज माफी के साथ भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों की ओर से व्हाट्सएप पर उपभोक्ताओं को लिंक भी भेजा जा रहा है। 30 जून तक पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को ओटीएस का लाभ मिलेगा। जिले में 2.62 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। इन उपभोक्ताओं पर 491 करोड़ रुपये मूल बकाया है। ओटीएस के तहत उपभोक्ताओं का 293 करोड़ सरचार्ज माफ होगा।
एकमुश्त समाधान योजना में घरेलू उपभोक्ताओं, दुकानदारों और किसानों का विशेष ध्यान रखा गया है। योजना के तहत घरेलू विद्युत पंखा (एलएमवी-1) समस्त विद्युतभार, निजी नलकूप (एलएमवी-5) समस्त विद्युतभार और वाणिज्यिक उपभोक्ता (एलएमवी-2) के 5 किलोवाट भार तक के उपभोक्ताओं को सरचार्ज राशि पर 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं उपभोक्ताओं को एक लाख तक के बकाए पर अधिकतम छह किस्तों और एक लाख से अधिक के बकाए पर अधिकतम 12 किस्तों में भुगतान की सुविधा का विकल्प दिया गया है। योजना की परिधि में आने वाले उपभोक्ता छूट के बाद देय धनराशि 30 अप्रैल 2022 तक का बकाया और वर्तमान बकाया का सीधा भुगतान कलेक्शन काउंटर, विद्युत कार्यालय, जन सुविधा केंद्र और वेबसाइट पर ऑनलाइन कर सकते हैं। राबटर्सगंज, ओबरा, घोरावल और दुद्धी तहसील के शहरी और ग्रामीण इलाकों में 2.99 लाख उपभोक्ता है। एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लगभग 2 लाख 62 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा। इन उपभोक्ताओं के ऊपर मूल बकाया 491 करोड़ रुपये है। वहीं 293 करोड़ रुपये सरचार्ज है। योजना के तहत सरचार्ज माफ कर दिया जाएगा।
अब बिजली विभाग के बकायेदार उपभोक्ता घर बैठे एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के लिंक के जरिए सरचार्ज माफी के साथ भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों की ओर से व्हाट्सएप पर उपभोक्ताओं को लिंक भी भेजा जा रहा है। 30 जून तक पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को ओटीएस का लाभ मिलेगा। -एसके सिंह, एक्सईएन, बिजली विभाग।