जिले से सटे छत्तीसगढ़ में बुधवार को नक्सलियों और पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इस दौरान कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ के बाद केंद्रीय फोर्स के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस ने नक्सलियों को पकड़ने के लिए दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी अभियान चलाया। फोर्स से बचने के लिए नक्सली पूर्व की भांति जिले के सीमावर्ती इलाकों में पनाह न लेने पाएं, इसे लेकर सोनभद्र पुलिस बार्डर पर पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने फोर्स को संदिग्धों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले से लगते छत्तीसगढ़ के अति संवेदनशील बीजापुर व सुकमा जिले में बुधवार को सर्चिंग पर निकले जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। मारजुम इलाके में नक्सलियों और जवानों की मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की भी खबर है। उधर बीजापुर में उसुर इलाके के जंगलों में हुई मुठभेड़ में दो माओवादियों को मार गिराया गया। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में जवानों ने एक एलएमजी और एक एसएलआर रायफल बरामद किया। सुकमा व बीजापुर जिले के कुछ इलाकों में बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमावड़े की सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ पुलिस नक्सल प्रभावित सभी जिलों में नक्सलियों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है। बृहस्पतिवार को जिले से सटे छत्तीसगढ़ के जिलों की पुलिस ने जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया। ऐसे में वहां की पुलिस से बचने के लिए नक्सली जिले में प्रवेश न करें इसे लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह से अलर्ट है। डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने नक्सल इलाकों के सभी थानों फोर्स को संघन कांबिंग करते हुए जंगली रास्तों पर भी पैनी नजर रखने का निर्देश दिया है।
जिले से सटे छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की सक्रियता को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में फोर्स को अलर्ट कर दिया गया है। नक्सल इलाकों के थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारियों को सघन कांबिंग करने का निर्देश दिया गया है। जंगली रास्तों पर पुलिस पैनी नजर रख रही है। - अमरेंद्र प्रसाद सिंह, डीआईजी/एसपी