चोपन थाना क्षेत्र के करगरा गांव स्थित नदी में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कन्हैया यादव (40) के रूप में हुई। वह एक सप्ताह से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
करगरा गांव निवासी कन्हैया यादव ओबरा सी प्लांट में काम करता था। पिछले शनिवार की सुबह वह काम पर जाने के लिए निकला लेकिन शाम तक वापस घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन करने के बाद भी कन्हैया का पता नहीं चला तो घरवालों ने चोपन थाने में सूचना दी। रविवार की दोपहर करगरा गांव के सोन नदी में कुछ लोगों ने कन्हैया का शव उतराया देख सूचना परिजनों को दी। एसआई चंद्रशेखर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा।