विशिष्ट स्टेडियम तियरा में दो दिवसीय प्राइजमनी तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज तीन जनवरी से होगा। प्रतियोगिता में 31 जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। ज्यादातर टीमें रविवार तक पहुंच चुकी थीं। कोरोना के कारण लंबे समय बाद हो रही राज्य स्तर की प्रतियोगिता से खिलाड़ियों में उत्साह है।
तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी करेंगे। इसमें विशिष्टि अतिथि अवनीश अवस्थी होंगे, जबकि अध्यक्षता राज्य सभा सांसद रामशकल करेंगे। प्रतियोगिता की तैयारियों में आयोजन समिति के लोग कई दिनों से जुटे हुए हैं। शनिवार को मथुरा की टीम पहुंची थी। रविवार को भी सुबह से ही टीमों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। उन्हें स्टेडियम के तीरंदाजी हास्टल और ज्ञान गंगा आईटीआई परिसर में ठहराया गया है। प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे खिलाड़ी रविवार को पूरे दिन अभ्यास में जुटे रहे। इंडियन और रिकर्व राउंड में ओपन वर्ग की प्रतियोगिता होने के कारण खिलाड़ी इसे काफी चुनौतीपूर्ण मान रहे हैं। तीरंदाजी एसोसिएशन के जिला सचिव बलराम कृष्ण यादव ने बताया कि प्रतियोगिता कोविड-19 के बचाव निर्देशों के तहत कराई जाएगी। सैनिटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।