केकराही। सदर कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवखरी के टोला महुलिया में बुधवार को मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। भीटे पर खेलने के दौरान वह तालाब में गिर गई। काफी प्रयास से पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
ग्राम पंचायत शिवखरी के ग्राम महुलिया निवासी गुड्डू की पुत्री निधि (2) गांव के तालाब के भीटे पर खेल रही थी। खेलते-खेलते किसी तरह फिसल कर तालाब में चली गई और डूब गई। कुछ देर बाद जब ऊपर आई तो गांव के लोगों की नजर पड़ी। आनन-फानन उसे बाहर निकाला गया। ग्राम प्रधान अरविंद सिंह पटेल ने बताया कि बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई है। मौके पर पहुंची हिंदूआरी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। घटना से घर में कोहराम मच गया। गुड्डू को चार लड़कियां हैं, जिसमें निधि सबसे छोटी थी।