करंट की चपेट में आकर रविंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने के लिए भाभी सविता (38) और पत्नी सुमन (32) पहुंचीं। इस दौरान वो दोनों भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं।
सोनभद्र जिले के बहुअरा गांव में शनिवार को करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई जबकि मृतक की पत्नी समेत दो लोग झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा निवासी रविंद्र मौर्या (35) पुत्र चंद्रभान शनिवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकला। घर से कुछ दूरी पर लगे बिजली पोल के स्टे वायर में करंट उतर रहा था। किसी तरह संपर्क में आने से करंट की चपेट में आकर रविंद्र गंभीर रूप से झुलस गया।
उसकी चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने के लिए भाभी सविता (38) और पत्नी सुमन (32) पहुंचीं। इस दौरान वो दोनों भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा आनन-फानन युवक और दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने रविंद्र को देखते ही मृत घोषित कर दिया। महिलाओं का उपचार चल रहा है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे लोढी चौकी इंचार्ज विनय कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि घायल महिलाओं की हालत में सुधार है। इधर, इस घटना से पूरे गांव में गम का माहौल है।