जिले में आचार संहिता लगते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर कई स्थानों पर पुलिस ने चेकिंग कर अवैध ढंग से कोयला का परिवहन कर रहे 16 ट्रकों को पकड़ा। ट्रकों के चालकों के पास बरामद कोयले से संबंधित वैध प्रपत्र नहीं मिले। कोयला लदे वाहनों को सीज करते हुए पुलिस ने दर्जन भर से अधिक लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
रेणुकूट: पिपरी पुलिस शुक्रवार को अवैध रूप से कोयला परिवहन के आरोप में 12 वाहनों को सीज कर दिया। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि रिहंद बांध के समीप जांच के दौरान कोयला लदे ट्रकों के कागजात की जांच की गई तो उन पर सभी कागजात सही नहीं मिले। कई कागजात में छेड़छाड़ की गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी वाहनों को सीज कर उनके चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए चालक शंकर प्रसाद निवासी लोहरा मधुपुर, गुड्डू यादव, सहाबू व राजकुमार निवासी अहरौरा, चंद्रबली पटेल निवासी नरायणपुर, संतोष कुमार निवासी अहरौरा, संजय कुमार निवासी मऊ, राजेंद्र कुमार पटेल व रामा यादव निवासी अदलहाट और जय सिंह निवासी करमा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। वहीं चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा के पास थानाध्यक्ष केके सिंह और डाला पुलिस चौकी प्रभारी मनोज ठाकुर ने कोयला लदे चार ट्रकों को पकड़ कर सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि ट्रकों के चालकों समेत दस लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अवैध ढंग से कोयला का कारोबार करने में लिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मातहतों को निर्देशित कर दिया गया है। - अमरेंद्र प्रसाद सिंह, डीआईजी/एसपी।