सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के प्रथम चरण की बुधवार को जिले में शुरुआत हुई। सीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बने बूथ पर बच्चे को दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
सीएमओ ने बताया कि 0-2 वर्ष के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के संपूर्ण टीकाकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रथम चरण में 16 मार्च तक सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। छूटे हुए बच्चों को टीका लगाकर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करें। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को हिदायत दी कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम जिले में सभी ब्लाकों के सुदूर क्षेत्रों में 1795 सत्रों पर 275 एएनएम 13660 आशा कार्यकत्री करेंगी। बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण कर टीबी, गलाघोंटू, काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, खसरा, हेपेटाइटिस-बी और निमोनिया से अपने बच्चों को महफूज रख सकते हैं। शुभारंभ अवसर पर एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, एसएमओ डॉ. हेमंत अधिकारी, डिप्टी सीएमओ डॉ. सूबेदार प्रसाद, डॉ. जेपी सिंह, मो. नसीम, संजय कुमार सिंह, सुशील, यूनिसेफ प्रतिनिधि संदीप श्रीवास्तव, मनोज, राकेश आदि मौजूद रहे।