रार्ट्सगंज ब्लॉक सभागार में बोर्ड की बैठक को संबोधित करते ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत।
- फोटो : SONBHADRA
सदर ब्लाक सभागार में बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायतों की बैठक हुई। इसमें चार करोड़ की कार्ययोजना पर मुहर लगी। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र के विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव दिया।
बीडीओ उमेश सिंह ने पिछले वित्तीय वर्ष में क्षेत्र पंचायत से हुए कार्यों का ब्यौरा सुनाया। बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 व 2021-22 में कुल 10740 पीएम आवास दिए गए हैं। वहीं 904 सीएम आवास दिए गए हैं। इसमें 98 प्रतिशत आवास पूर्ण हो चुके हैं। बीडीओ ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में मनरेगा से कुल 654593 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य रखा गया है। इसमें अप्रैल के लक्ष्य 31463 मानव दिवस हैं, जिसमें अब तक लगभग 12 हजार मानव दिवस का ही कार्य हुआ है। इस दौरान ग्राम प्रधान व बीडीसी ने क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाया। ग्राम प्रधानों ने पिछले आठ माह से मनरेगा मजदूरी भुगतान न होने की बात कही।
वहीं बीडीसी सदस्यों ने क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने की बात कही। ग्राम पंचायतों में डीडीटी छिड़काव न होने की बात प्रमुखता से उठी। इस पर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत ने बीडीओ को निर्देशित किया कि सभी ग्राम पंचायतों में डीडीटी का छिड़काव करने जाने वाली टीम वहां के प्रधान व बीडीसी से सम्पर्क करके ही कार्य करें। ब्लाक प्रमुख ने कहा कि ब्लाक के सभी क्षेत्र पंचायतों में विकास कार्य कराया जाएगा। इस दौरान तियरा नायक के बीडीसी के निधन पर दो मिनट का मौन रख शोक संवेदना व्यक्त की गई। प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, अनूप तिवारी, एडीओ पंचायत कृपाशंकर शुक्ल, ओमप्रकाश सहित प्रधान व बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।