शक्तिनगर। बीना में हाईटेंशन तार के चपेट में आने से मूकबधिर श्रमिक की मौत के बाद यूपीपीसीएल के जिम्मेदार हरकत में आ गए हैं। घटना के सप्ताह भर बाद बुधवार को 33/11 केवीए हाईटेंशन लाइन के झूलते तारों को पोल गाड़कर ऊंचा करने का कार्य हुआ।
बीना बस स्टैंड पर बीते बुधवार को निर्माणाधीन मकान के ऊपरी हिस्से में कार्य के दौरान 33 केवीए लाइन की चपेट में आने से मूकबधिर मजदूर की मौत हो गई थी। बिजली विभाग द्वारा बुधवार दोपहर शटडाउन लेकर बीना बस स्टैंड घटनास्थल पर 33 केवीए तार उपर करने के लिए बिजली पोल खड़ा करने का कार्य किया गया। अत्यधिक नीचे झूल रहे बिजली के तारों को ऊपर किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर से लेकर शाम तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली की अनुपलब्धता के चलते लोग पानी के लिए परेशान रहे।