परिवहन विभाग की तरफ से कार्रवाई किए जाने के बाद भी विद्यालय संचालक स्कूल वाहनों के फिटनेस को लेकर संजीदा नहीं है। सोमवार को अनफिट स्कूल वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 10 स्कूल वाहनों का चालान किया गया। जबकि बच्चों को बिना परमिट व फिटनेस के ढो रहे एक टेंपो सीज किया गया। वहीं रविवार की रात व सोमवार को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चले अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि खनन विभाग के अधिकारियों के साथ ओवरलोड वाहनों के खिलाफ रविवार की रात में अभियान चलाया गया। दूसरे दिन सोमवार को कार्रवाई की गई। इस दौरान ओवरलोड परिवहन करने पर 16 ट्रकों का चालान किया गया। जबकि पांच ट्रक सीज किए गए। वहीं स्कूल वाहनों के खिलाफ चले अभियान में राबर्ट्सगंज कोतवाली के पास से एक टेंपो जो स्कूली बच्चों को लेकर जा रही थी उसे सीज किया गया। बताया टेंपो चालक के पास न तो वाहन के फिटनेस संबंधित कागज थे न ही परमिट था। नगर एवं आसपास के गांवों में संचालित प्राइवेट विद्यालय के 10 वाहनों का चालान किया गया। उन्होंने बताया कि छह स्कूल वाहन का चालान फिटनेस न होने पर चालान किया गया है। जबकि दो वाहन पर चालक के सीटबेल्ट न बांधने पर और दो बिना परमिट के वाहन चलाने पर चालान किया गया है।