डीएम चंद्र विजय सिंह ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की बैठक ली। इस मद में जमा धनराशि का सदुपयोग खनन क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों के विकास के लिए करने का निर्देश दिया। कार्य में शिथिलता बरतने पर जिला पंचायत के लेखाकार का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
डीएम ने समीक्षा के दौरान सभी अफसरों को हिदायत दी कि जिला खनिज फाउंडेशन न्यास से विभिन्न प्रकार के कराए जा रहे कार्य को समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं। जिस एजेंसी को भी धनराशि प्राप्त हुई है वह बारिश से पहले हर हाल में काम पूरा करें। अधिक लागत वाले कार्यों के लिए जरूरत पड़े तो मशीनों, अतिरिक्त संसाधनों की भी मदद ली जाए। जो कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें संबंधित विभाग को हैंडओवर करा दें। सभी कार्यों की फोटोग्राफी कराते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाय। खनन क्षेत्रों में सुनियोजित विकास की रूपरेखा बनाते हुए काम कराएं।