पिपरी थाना क्षेत्र के तुर्रा बाजार के पास बुधवार को संदिग्ध हाल में खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने काफी देर तक शव के शिनाख्त की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी भेज दिया।
बुधवार की सुबह करीब नौ बजे तुर्रा बाजार के समीप कुछ लोगों ने सड़क के किनारे खून से लथपथ शव देख पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों से मृतक के बारे में पूछताछ की लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस शव को सीएचसी लेकर पहुंची। थानाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि जांच में प्रथम दृष्टया सड़क हादसा लग रहा है। कई माह से युवक तुर्रा क्षेत्र में भ्रमण करता था। उन्होंने कहा कि 72 घंटे तक शव को मोर्चरी में रखकर शिनाख्त कराने का प्रयास करेंगे। पहचान न होने पर शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार करवा दिया जाएगा।