करमा ब्लॉक के बारी महेवा गांव के पास निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास से शुक्रवार की रात में ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को अपने साथ ले गई। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते बड़ी घटना होने से टल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन गर्मी शुरू होने के साथ ही बेलन नदी का जलस्तर कम होने लगा है। इससे मगरमच्छों के निकलने का सिलसिला चल रहा है। कुछ दिन पहले बारी महेवा गांव स्थित बेलन नदी में मगरमच्छ को देखा गया था। उसी मगरमच्छ को अरंगी के पास देखा गया और फिर गोपाल सिंह के बावली में चला गया। कुछ समय बाद वहा से फिर निकल कर नवीन निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास पहुंच गया। लगभग दो बजे रात को राज कुमार पटेल लघुशंका करने उठे तो देखा मगरमच्छ को देख शोर मचाने लगे। तत्काल 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। सुबह होते हुए गांव के आस - पास के लोग देखने के लिए उमड़ पड़े। वन विभाग के एसआई शिवम सिंह, सदानंद यादव मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों के सहयोग से बड़े से मगरमच्छ के ऊपर जाल बिछाकर कर किसी तरह काबू में किया और पकड़ कर अपने साथ ले गए। ग्रामीणों की सजगता से अनहोनी होते हुए बची। ग्रामीणों मानें तो अभी इसका साथी बचा है वह भी पकड़ लिया जाय तो पूरी तरह से खतरा टल जाएगा। मगरमच्छ को वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई। उनका कहना था कि मगरमच्छ को मुक्खाफाल दह में या धंधरौल बांध में छोड़ा जाएगा। इस दौरान गांव के छोटेलाल सिंह, अरविन्द, परमेस्वर सिंह, राजबंश, प्रदीप, विजय, मुंशी, जय सिंह, आदि लोग मौजूद रहे।