अस्पताल में भर्ती मगरमच्छ के हमले में घायल बालक
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ ग्राम पंचायत के नौगढ़वा बस्ती में शनिवार की सुबह भलुआ बंधी में मौजूद मगरमच्छ ने 12 वर्षीय किशोर को मुंह में जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका बायां पैर और हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसका इलाज चल रहा है। पैर में 12 से अधिक टांके लगाए गए हैं।
यह है पूरा मामला
पेढ़ ग्राम पंचायत निवासी रमेश (12) पुत्र अजीत शनिवार सुबह ग्राम पंचायत के ही नौगढ़वा बस्ती में भलुआ बंधी के पास मवेशी चरा रहा था। आसपास अन्य चरवाहे भी मवेशी चरा रहे थे। रमेश के कुछ मवेशी पानी पीने के लिए भलुआ बंधी में उतर गए। थोड़ी देर बाद रमेश मवेशियों को पानी में से बाहर निकालने के लिए बंधी में उतर गया।
इसी दौरान पीछे से आए एक मगरमच्छ ने उसके बाएं पैर को बुरी तरह अपने मुंह में जकड़ लिया और पानी में खींचने लगा। रमेश के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के चरवाहे बंधी में उतरे और मगरमच्छ के चंगुल से उसे छुड़ाने लगे।