सोनभद्र (शक्तिनगर)। एनसीएल खड़िया कोयला परियोजना के खदान से चोरी कर ले जाया जा रहा करीब एक हजार लीटर डीजल लदी एक पिकअप को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। लेकिन दूसरे दिन पुलिस ने मामले में लीपापोती कर दी। पिकअप को गैलनों समेत छोड़ दिया।
शुक्रवार की रात 12 बजे के बाद तेल माफिया एक पिकअप में 20 गैलन में भर कर करीब एक हजार लीटर डीजल लेकर बैरियर से पार होने की कोशिश में थे। इसी बीच ग्रामीणों ने डीजल लदे पिकअप को रोक दिया। घेरेबंदी देख वाहन चालक समेत चोर भाग निकले। ग्रामीण मौके पर जुट गए और तेल माफिया पर कार्रवाई को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके चलते कोल प्रोजेक्ट के मुख्य बैरियर पर जाम लग गया। सूचना के बाद मौके पर पुलिस के साथ परियोजना की सुरक्षा टीम पहुंची। वाहन समेत डीजल को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। करीब दो घंटे बाद आवाजाही शुरू हो सकी। पूरे घटनाक्रम से उलट पुलिस का कहना है कि संबंधित लोग शनिवार को डीजल की पर्ची लाए इसके बाद वाहन व डीजल को छोड़ दिया गया।
जबकि एनसीएल खड़िया प्रोजेक्टके सुरक्षा निरीक्षक नारदमुनी चौबे का कहना है कि डीजल पकड़े जाने की सूचना पर वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक बीएन त्रिपाठी समेत कई अधिकारी व कर्मी मौके पर पहुंचे और खदान क्षेत्र से चोरी कर ले जाया जा रहा डीजल मय वाहन पुलिस को कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।